गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के लिए ‘तिरंगा’ लेकर निकला देश का किसान
-श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ से बड़ी संख्या में शामिल हो रहा किसान ट्रैक्टर परेड में
. श्रीगंगानगर
तीनों कृषि कानून रद्द नहीं करने के विरोध में गणतंत्र दिवस पर देश का अन्नदाता दिल्ली के अंदर ट्रैक्टर परेड निकालेगा। इसकी दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा को अनुमति दे दी है। अब देश भर का किसान इस पर्व पर मजबूती व एकता के साथ ट्रैक्टर-परेड की पूरी तैयारी में लगा हुआ है। इस ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान दो दिन पहले गांव-गांव से ट्रैक्टर लेकर तिरंगा झंडा के साथ रवाना हो गया। किसानों ने संकल्प लिया है कि यह ट्रैक्टर परेड एतिहासिक होगी तथा हर ट्रैक्टर पर देश भक्ति से ओतप्रोत गाने व इस पर्व पर तिरंगा झंडा लेकर देश का अन्नदाता शामिल होगा।
किसानों का हौसला गजब का
किसान आंदोलन के समर्थन में इस कड़ाके की सर्दी में दो माह से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित देश भर का किसान दिल्ली की बॉर्डर पर पड़ाव डाल कर बैठा है। कड़ाके की सर्दी में बुजुर्ग किसान, बच्चे, युवा व महिलाएं परेशान हंै। साथ ही इन किसानों का हौसला व जज्बा देखने वाला है। किसानों का कहना है कि जब तक देश की मोदी सरकार तीन कृषि कानून रद्द नहीं करेगी और कृषि जिन्सों की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का गारंटी कानून नहीं बनेगा, तब तक किसानों का यह आंदोलन जारी रहेगा।
बिना कानून रद्द किए, किसान नहीं उठेगा
प्रधानमंत्री व कृषि मंत्री तीनों कृषि कानूनों को कृषि में सुधार करने वाले कानून बना रही है जबकि देश भर का किसान बड़ी संख्या में इन कानूनों का विरोध कर रहा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इन कानूनों को लागू करने पर रोक लगा दी है लेकिन देश का किसान इन कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहा है। सरकार के साथ किसानों की 12 दौर की वार्ता हो चुकी है लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला है। किसान खेतीबाड़ी का काम-काज,पशुपालन व अन्य कार्यों को छोड़ कर परिवार सहित दिल्ली की बॉर्डर पर बैठा हुआ है। मौसम बहुत सर्द है और इस बीच 100 से अधिक किसानों की आंदोलन के दौरान सर्दी में व आत्महत्या की वजह से मौत हो चुकी है लेकिन सरकार व किसानों के बीच कोई रास्ता नहीं निकल रहा है।
किसान के वजूद की लड़ाई
शाहजहांपुर बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसानों ने डेरा डाल रखा है। यहां पर बड़ी संख्या में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले का किसान शामिल है। यहां पर पड़ाव में अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष कालू थोरी, श्योपत राम, जय किसान मूवमैंट के राज्य प्रभारी अमन रंधावा, राजाराम मील, रायसिंहनगर से महिला नेत्री रामदेवी बावरी, मनीष धारणियां,अमतेंद्र सिंह क्रांति, जसवीर सिंह, देवेंद्र ढिल्लो, भागीरथ खुडिय़ा व अवतार सिंह रामगढिय़ा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल है।
परेड में शामिल होगा किसान
किसान आर्मी के मनिंद्र सिंह मान, गुरलाल सिंह बराड़, जीकेएस के रणजीत सिंह राजू, संतवीर सिंह, हरविंद्र सिंह गिल व रामकुमार सहारण सहित श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ का किसान बड़ी संख्या में धारूहेड़ा बॉर्डर पर पड़ाव डाल रखा है। अब किसान गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड की तैयारी में जुटा हुआ है। किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर लेकर इस ट्रैक्टर परेड में शामिल होगा।